नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय रजिस्टर ऑफ सिटिजन्स (सीएए और एनआरसी) के विरोध में गुरुवार को वंचित बहुजन अघाड़ी के कार्यकर्ताओं ने मुंबई में प्रदर्शन किया। दादर में बड़ी संख्या में प्रकाश आंबेडकर की पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। इस प्रदर्शन में करीब 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है।
इस विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या में आदिवासी समाज से जुड़े लोग भी शामिल हैं। उन्होंने नृत्य के जरिया प्रतीकात्मक तौर पर सीएए और एनआरसी का विरोध दर्ज करवाया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक में बदलाव किए। कई जगह रास्तों पर प्रतिबंध लगाया गया। दादर टीटी के पास वाहनों की आवाजाही रोक लगा दी।
इससे पहले 24 दिसंबर को प्रकाश आंबेडकर ने मातोश्री में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में आंबेडकर ने नागरिकता कानून महाराष्ट्र में लागू नहीं करने की मांग मुख्यमंत्री से की थी।